Manoj Kumar के बारे में कुछ बाते
मनोज कुमार जी ने कई हीरोइनों से मदद करने मांगी थी। लेकिन किसी ने मदद नहीं की। तब एक हीरोइन उनके लिए आगे आई थी। कौन थी वो हीरोइन? चलिए, मनोज कुमार जी के जन्मदिन के मौके पर ये कहानी भी जानते हैं।
मनोज कुमार बॉलीवुड के उन सितारों में से एक रहे हैं जिन्होंने अपनी मेहनत के दम पर अपना मुकाम बॉलीवुड में बनाया है। अपनी एक्टिंग स्किल्स से मनोज कुमार ने भारत कुमार का खिताब हासिल किया। मनोज कुमार ना केवल एक शानदार अभिनेता हैं। बल्कि एक ज़बरदस्त इंसान भी हैं। फिल्म इंडस्ट्री के जानकार लोग कहते हैं कि मनोज कुमार बहुत बड़े दिल वाले हैं। जब वो फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव थे तो लोगों की खूब मदद भी किया करते थे। मगर एक वक्त ऐसा भी आया था जब मनोज कुमार को खुद भी मदद की ज़रूरत पड़ी थी। ऐसे में अभिनेत्री नंदा उनकी मदद के लिए आगे आई थी।
ये कहानी कई साल पुरानी है। बात मनोज कुमार की फिल्म शोर की मेकिंग के दौरान की है। दरअसल, फिल्म की कहानी के मुताबिक फिल्म शुरू होने के कुछ ही देर बाद हीरोइन की मौत हो जानी थी। कोई भी हीरोइन ये रोल करने के लिए तैयार नहीं थी। मनोज कुमार ने कई अभिनेत्रियों से बात की। लेकिन किसी ने भी फिल्म में काम करने के लिए हामी नहीं भरी। अभिनेत्री नंदा के पास जब ये खबर पहुंची कि मनोज कुमार की फिल्म में काम करने के लिए कोई भी हीरोइन तैयार नहीं हो रही है तो उन्होंने मनोज कुमार की मदद करने का फैसला किया। नंदा ने मनोज कुमार के पास संदेश भिजवाया कि वो उनकी फिल्म में ये रोल निभाएंगी। लेकिन इसी के साथ नंदा ने वो रोल निभाने के बदले एक शर्त भी मनोज कुमार के सामने रख दी।
नंदा ने मनोज कुमार से कहा कि वो इस फिल्म में काम ज़रूर करेंगी। लेकिन वो अपने काम के बदले एक रुपया भी नहीं लेंगी। मनोज कुमार हैरान थे। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि नंदा बिना कोई पैसा लिए उनकी फिल्म में काम करने के लिए तैयार हैं। जबकी मनोज कुमार तो उस किरदार के लिए किसी भी अभिनेत्री को काफी पैसे देने के लिए तैयार थे। लेकिन चूंकि नंदा को पता था कि शोर फिल्म को मनोज कुमार बड़े दिल से बना रहे थे। उस फिल्म के लिए मनोज कुमार ने फिल्म फाइनेंसर्स से काफी पैसा भी उधार ले रखा था। इसलिए वो मनोज कुमार का एक बोझ कम करना चाहती थी। फिल्म की शूटिंग पूरी हुई और आखिरकार 15 सितंबर 1972 को शोर देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई। फिल्म में जया भादुड़ी, प्रेमनाथ, कामिनी कौशल, मदन पुरी, असरानी, मनोरमा, नाना पलसिकर और मदनमोहन जैसे कलाकार थे। हर किसी ने अपने रोल को बड़ी खूबसूरती के साथ निभाया। फिल्म की कहानी बेहद मार्मिक थी और ये कहानी दर्शकों को बड़ी पसंद आई। फिल्म सुपरहिट रही।
मनोज कुमार ने काफी कोशिश की कि वो नंदा का अहसान उतार सकें। वो चाहते थे कि नंदा को उनकी फीस किसी तरह दे दें। लेकिन नंदा ने कभी भी मनोज कुमार से अपने उस रोल के बदले में कोई पैसा नहीं लिया। मनोज कुमार ने खुद एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने कई दफा कोशिश की थी कि नंदा जी उनसे पैसे ले लें। लेकिन नंदा जी ने हमेशा इनकार कर दिया। इस तरह मनोज कुमार पर नंदा का अहसान हमेशा चढ़ा रहा।
यह पोस्ट कैसी लगी मुझे कमेंट कर बताएं और अच्छी लगी तो Like अवश्य करें और शेयर जरूर करें।
टिप्पण्या
टिप्पणी पोस्ट करा